घोघड़, चम्बा, 09 सितम्बर : विनोद कुमार उर्फ़ राजकुमार कृष्ण चंद, निवासी ग्राम पंचायत बड़ग्रां की फाट नामक स्थान पर शूटिंग स्टोन की चपेट में आने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई। विनोद कुमार के सिर में पत्थर लगा था।
गत दिवस विनोद कुमार अपनी पत्नी अंजू देवी के साथ अपने खेतों की ओर जा रहा था इस दौरान पहाड़ी से गिरते पत्थरों में से एक पत्थर विनोद कुमार के सिर पर जा लगा। अंजू देवी के अनुसार उनके पति विनोद कुमार को तत्कालिक उपचार के लिए मदद भी नहीं मांग पाई क्योंकि उस समय मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर रहा था। वह उस समय बिलकुल असहाय महसूस कर रही थी।
अंजू देवी की चीखें सुनकर लोग घटनास्थल पर पहुंच और विनोद कुमार के शव को घर पहुंचाया गया।
ग्राम पंचायत बड़ग्रां की प्रधान सुबह देवी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन को दुर्घटना के बारे में अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से हुई इस मृत्यु के लिए मृत्तक के परिवार को उचित व जल्द मुआवजा प्रदान किया जाए।
विनोद कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी व दो बच्चों को छोड़ गया है।
