Ghoghad.com

घोघड़, डलहौजी, 22 जनवरी 2026 : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में 23 जनवरी 2026 को पराक्रम दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। यह आयोजन उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) और जिला प्रशासन चंबा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से डलहौजी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक पर आयोजित होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक, शैक्षणिक और कला से जुड़ी विविध गतिविधियों के माध्यम से नेताजी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया जाएगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

पराक्रम दिवस समारोह में हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति को दर्शाते हुए गद्दी नाटी, चुराही नृत्य और लोक गायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। चंबा जिले के कलाकार विभिन्न लोक नृत्य और गीतों के माध्यम से दर्शकों को हिमाचली सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाएंगे।

चित्रकला शिविर और नाट्य प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष चित्रकला शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सहित अन्य राज्यों के प्रसिद्ध कलाकार भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी मंचित की जाएगी, जो उनके साहस, नेतृत्व और देशभक्ति को उजागर करेगी।

नेताजी के जीवन पर व्याख्यान

समारोह में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर केंद्रित व्याख्यान का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे युवाओं और आम जनता को उनके विचारों से प्रेरणा मिले।

जिला प्रशासन चंबा ने आम जनता से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया है। यह कार्यक्रम देशभक्ति, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page