Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 13 अप्रैल 2026 : एचपीवी टीकाकरण पर अफवाएं न फैलाएं, यह बच्चियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है। उक्त शब्द प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन एवं स्थानीय विधायक डॉ जनक राज ने भरमौर में कहे।

प्रदेश के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन एवं स्थानीय विधायक डॉ जनक राज ने आज भरमौर स्थित नागरिक चिकित्सालय में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की । इस दौरान चिकित्सकों द्वारा उन्हें अवगत करवाया गया कि लक्षित किशोरियों को टीकाकरण के लिए अब तक दो चरण हो चुके हैं परंतु क्षेत्र के कुछ लोग एचपीवी टीकाकरण के विषय में दुष्प्रचार कर इसे हानिकारक बता रहे हैं। जिस कारण अभिभावक अपनी बेटियों का टीकाकरण करने से कतरा रहे हैं।

डॉ जनक राज ने कहा कि यह वैक्सीन पिछले बीस वर्षों से विकसित देशों में प्रयोग की जा रही है जिसके बाद इसे भारत में उपयोग हेतु अनुमति दी गई है। उन्होंने 13 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों के अभिभावकों से अपील की कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से अपनी बच्चियों को बचाने के लिए यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं क्योंकि सर्वाइकल कैंसर ऐसी छुपी हुई बीमारी है जिसका पता चलने के बाद उपचार मुश्किल होता है।  उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन लगाने के बाद शरीर में सर्वाइकल कैंसर पनपने का अवसर ही नहीं मिलता।

भारत में इस समय गार्डसिल-4 वैक्सीन किशोरियों को लगाई जा रही है जोकि एचपीवी के चार प्रकारों (6,11,16,18) से सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि वैसे तो यह वायरस पुरुषों को भी संक्रमित करता है परंतु उनके जननांगों के बाहरी भाग में इसके लक्षण पहले चरण में दिख जाते हैं जबकि महिला जननांगों के यह भीतरी भाग में संक्रमण होने के कारण यह समय रहते सामने नहीं आता ।

डॉ जनक राज ने कहा कि देश की मातृ शक्ति को इतनी गम्भीर बीमारी से बचाने के लिए केंद्र सरकार यह टीकाकरण निशुल्क कर रही है परंतु जिन्हें इस बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है वे इसका दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चियों की सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके माता-पिता के निर्णय पर निर्भर है कि वे उन्हें इस बीमारी से सुरक्षित करें।

उन्होंने कहा कि आज यह टीकाकरण इसलिए आवश्यक है क्योंकि टीकाकरण से छूट जाने वाली 14 व 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाली किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की यह सुरक्षा नहीं मिलेगी क्योंकि इस आयु वर्ग से बड़ी लड़कियों में यह वैक्सीन कम प्रभावशाली है। 

इस दौरान डॉ जनक राज व खंड चिकित्सा अधिकारी दीपेश बराल ने खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेटियों को भी यह वैक्सीन लगवाई है । डॉ जनक ने कहा कि जब सरकार ने ये योजना लागू नहीं की थी उस समय उन्होंने खुले बाजार में यह वैक्सीन खरीदकर अपनी बेटियों को लगवाकर उन्हें इस खतरे से सुरक्षित किया है।

इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर ने कहा कि नागरिक चिकित्सालय भरमौर, सामुदायिक चिकित्सालय गरोला व होली में यह वैक्सीन शनिवार व रविवार को लगाई जा रही है। जिसके लिए विभाग आशावर्कर के माध्यम से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को अपने वाहन उपलब्ध करवाकर निर्धारित स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर टीकाकरण करवा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए यह वैक्सीन आवश्य लगवाएं।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page