घोघड़, चम्बा, 13 मार्च : जिला चम्बा में जनगणना–2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त Mukesh Repswal ने की।
प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवासों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना का पहला चरण 12 मई से 10 जून तक संचालित होगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों में से एक है और इसके माध्यम से विकास योजनाओं के लिए आवश्यक आंकड़े उपलब्ध होते हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिसके लिए स्मार्टफोन आधारित मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग किया जाएगा। इससे डेटा का संकलन और प्रसंस्करण पहले की तुलना में अधिक तेज और सटीक तरीके से संभव हो सकेगा।
उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और प्रगणकों को सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निदेशक अनिल कुमार ने अधिकारियों को जनगणना से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में इस कार्य के लिए एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएंगे, जो घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार जानकारी एकत्रित करेंगे।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण सामग्री का गंभीरता से अध्ययन करें और जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ संपन्न करें।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया और जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए बेहतर समन्वय और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम चम्बा Priyanshu Khati, एसडीएम डलहौजी Anil Bhardwaj, एसडीएम सलूणी Chandravir Singh, एसडीएम चुराह Rajesh Kumar, एसडीएम भटियात Manish Soni, एसडीएम भरमौर Vikas Sharma, सहायक आयुक्त Rahul Dhiman, जिला राजस्व अधिकारी Dr. Vikramjeet Singh, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद Rakhi Kaushal, नोडल अधिकारी Kapil Kumar सहित विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार और उप-तहसीलों के नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

