घोघड़, चम्बा, 12 नवम्बर 2025 : राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस 2025 के उपलक्ष्य पर भरमौर मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह भरमौर हैलीपैड मैदान में 15 नवम्बर को प्रातः 11 बजे आयोजित होगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष कुलदीप पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया विशिष्ट अतिथि होंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियाँ जोरों पर हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 नवम्बर से एक दिन पूर्व, यानी 14 नवम्बर को भरमौर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केवल सिंह पठानिया, उप मुख्य सचेतक हिमाचल प्रदेश सरकार, बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे।
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जाएगा। मंच पर सुनील राणा, अजय भरमौरी, निशा जरयाल, सुभाष कौशल, रिशु रिहाल, कुशल धवल, निहारिका, पवन ठाकुर और के० एस० प्रेमी जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
एडीएम भरमौर ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक कला और परंपराओं को सम्मान देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

