Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 01 फ़रवरी : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चम्बा द्वारा जारी सायं 4 बजे की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले के अधिकांश उपमंडलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जबकि पांगी क्षेत्र में मौसम बादलों से घिरा रहा। चम्बा, डलहौजी, तीसा, सलूणी, भरमौर और भटियात में हल्की बारिश का प्रभाव देखा गया।

रात नौ बजे के करीब भरमौर उपमंडल में हिमपात आरम्भ हो गया है। समाचार लिखें जाने तक दो इंच हिमपात दर्ज किया गया है।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार चम्बा–भरमौर और चम्बा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हुए हैं। हालांकि जिले में कुल 33 सड़कें अवरुद्ध पाई गईं, जिनमें से 4 को बहाल कर दिया गया है, जबकि 29 सड़कें अभी भी बंद हैं। सबसे अधिक प्रभावित उपमंडल पांगी है, जहां 24 सड़कें बंद थीं, जिनमें से केवल 2 बहाल हो पाई हैं और 22 अभी भी अवरुद्ध हैं। भरमौर में 4 में से 1 सड़क बहाल हुई है, जबकि सलूणी में 3 में से 1 सड़क खोली गई है।

बिजली आपूर्ति की स्थिति की बात करें तो हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के तहत जिले में 32 डीटीआर प्रभावित हुए थे। इनमें से 17 को बहाल कर दिया गया है, जबकि 15 डीटीआर अभी भी प्रभावित हैं। डलहौजी, तीसा और भरमौर उपमंडल बिजली बाधित क्षेत्रों में शामिल हैं।

जल शक्ति विभाग के अंतर्गत 10 पेयजल योजनाएं प्रभावित बताई गई हैं। तीसा में 6 और भरमौर में 4 योजनाएं बाधित हैं, जिनकी बहाली का कार्य जारी है।

प्रमुख सड़कों की स्थिति के अनुसार चम्बा–पठानकोट, चम्बा–भरमौर, चम्बा–खज्जियार (गेट के रास्ते), चम्बा–होली, चम्बा–सलूणी और चम्बा–तीसा मार्ग खुले हुए हैं। वहीं बनिखेत–डलहौजी–खज्जियार (लक्कड़मंडी मार्ग) तथा चम्बा–पांगी मार्ग (साच पास) बर्फबारी के चलते बंद हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम और सड़क स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page