घोघड़, शिमला, 25 मई : नगर निगम शिमला द्वारा कच्ची घाटी के घोड़ा चौकी क्षेत्र में व्यापार मंडल के लिए निर्मित नए कार्यालय का लोकार्पण रविवार को लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिमला शहर के व्यवस्थित विकास में व्यापार मंडल की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्वरोजगार और स्थानीय लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने में व्यापार मंडल वर्षों से सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। अब नगर निगम भवन में इस कार्यालय के संचालन से व्यापार मंडल को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि लंबे समय से व्यापारियों की मांग रही है कि मोटर मार्केट को शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए ताकि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो। इस दिशा में कार्य करते हुए मल्याणा क्षेत्र में मोटर मार्केट के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है और इसे परिवहन विभाग के नाम पर स्थानांतरित भी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस स्थल का जल्द निरीक्षण कर मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
विक्रमादित्य सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को कच्ची घाटी क्षेत्र में पार्किंग के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जैसे ही भूमि का चयन होगा, पार्किंग निर्माण हेतु बजट भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि शिमला शहर के लिए 24 घंटे हाई प्रेशर पेयजल आपूर्ति योजना अपने अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने पर न केवल शहरी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि कच्ची घाटी जैसे बाहरी इलाकों में भी हजारों लोगों को बेहतर जल सुविधा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल प्रधान मलकीयत सिंह ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त भूपिंदर कुमार अत्री, संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा, पार्षद किरण शर्मा, दिलीप थापा, दिलीप सूद, गीतांजलि, व्यापार मंडल से हरजीत सिंह बंगा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, उपाध्यक्ष यशपाल जोशी, महासचिव मदन शर्मा, वरिष्ठ सलाहकार राम दास, कोषाध्यक्ष अशोक गर्ग, सचिव कमल चडोग, राजकुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।