घोघड़, चम्बा 12 दिसम्बर : आज ग्राम पंचायत गरोला में वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर नए कार्यों का भूमि पूजन और पूर्ण किए गए कार्यों का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास विभाग अधीक्षक गोपाल सिंह ने की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रावमापा गरोला मेहर सिंह, वाटरशैड योजना पोषित ग्राम पंचायत उल्लांसा,गरोला व सियूंर के प्रधानों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई गई जानकारी अनुसार कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण, और जल स्त्रोतों के संवर्धन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने ग्राम पंचायत गरोला के बासंदा गांव में 02.5 लाख रुपए की लागत से निर्मित प्राचीन बावड़ी का लोकार्पण किया गया जबकि 05 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सिंचाई योजना का शिलान्यास किया गया।
इस आयोजन में वाटरशेड ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी, अधिकारी, महिला मंडल, और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण को एक आंदोलन बनाना था।
महिला मंडलों और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

