घोघड़,चम्बा/भरमौर, 12 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपने चंबा प्रवास के दौरान भरमौर के मैहला और परेल क्षेत्रों में भाजपा के सक्रिय सदस्य सम्मेलनों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “झूठ बोलकर सत्ता में आई सरकार अब अपने ही वादों में उलझ चुकी है।”
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके 13 करोड़ से अधिक सदस्य हैं। हिमाचल में निर्धारित 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य भी पार कर लिया गया है। “देवतुल्य कार्यकर्ता ही हमारी असली ताकत हैं और उनका परिश्रम व्यर्थ नहीं जाएगा,” उन्होंने कहा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और जनता का कांग्रेस सरकार से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री केवल सैर-सपाटे के लिए आते हैं और झूठी घोषणाएं करके चले जाते हैं। सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।”
उन्होंने भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज की सराहना करते हुए कहा कि “आपने एक ऐसा विधायक चुना है जो न केवल जन प्रतिनिधि की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है बल्कि एक विशेषज्ञ चिकित्सक के तौर पर दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क सेवा भी दे रहा है।” जोकि बाई वन गैट टू स्कीम की तरह है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान हमेशा जनसेवा और विकास पर केंद्रित रहा है।
परेल में जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनमंच जैसे जनप्रिय कार्यक्रम को बंद करके जनता की आवाज सुननी ही बंद कर दी है। “आज इनके पास न नीति है, न नीयत और न ही पैसा,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर परेल में 32 युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर भरोसा जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जयराम ठाकुर ने इन सभी का माला पहनाकर स्वागत किया।
जयराम ठाकुर ने हमीरपुर जिले के कोहलवीं गांव के निवासी और वीर सपूत कुलदीप कुमार की शहादत पर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
नेता प्रतिपक्ष ने औट-लुहरी-रामपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित मंगलौर पुल के क्षतिग्रस्त होने पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को त्वरित वैकल्पिक मार्ग बहाल करने और स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी से मौके पर जाकर सहयोग करने का आग्रह भी किया।