घोघड़, चम्बा, 26 मई 2025 : लंबे इंतजार के बाद चंबा-किलाड़ (साच पास) सड़क को हल्के मोटर वाहनों के लिए खोल दिया गया है। यह मार्ग भारी बर्फबारी के चलते 30 नवंबर 2024 से बंद था। अब मौसम में सुधार और आवश्यक सुरक्षा उपायों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर यातायात बहाल करने का निर्णय लिया है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा ने बताया कि मौसम की अनिश्चितता और ग्लेशियरों के पिघलने से उत्पन्न संभावित प्राकृतिक खतरों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुरक्षा उपायों के साथ लिया गया है। उन्होंने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 155 के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय उपमंडल अधिकारी (नागरिक), पांगी तथा लोक निर्माण विभाग, उपमंडल तरैला की सिफारिश पर लिया गया है।
यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश:
-
बैरागढ़ और प्रेग्रां चेक पोस्टों पर प्रतिकूल मौसम में यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
-
दोनों चेक पोस्टों पर वाहनों और यात्रियों का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा, जिसे हर महीने जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (DEOC) के साथ साझा किया जाएगा।
-
साच पास पर ओवरलोडिंग की सख्त जांच होगी।
-
नियामक प्राधिकरण द्वारा नियमित रूप से वाहनों की जांच की जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर चालान भी जारी किए जाएंगे।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें और मौसम से संबंधित ताजा अपडेट लेते रहें। साच पास क्षेत्र में अचानक मौसम बदलने की संभावना बनी रहती है, इसलिए जोखिम से बचने के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन जरूरी है।