घोघड़,शिमला, 9 नवम्बर, 2025 : ग्राम पंचायत गुम्मा में आयोजित दो दिवसीय गुम्मा मेले के समापन समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भाग लेते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि गुम्मा मेला अब खंड स्तरीय मेला घोषित किया जाएगा, जिसकी अधिसूचना दो माह के भीतर जारी कर दी जाएगी।
मंत्री ने घोषणा की कि गुम्मा में 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से नया पंचायत घर बनाया जाएगा। इस भवन में पुस्तकालय, कॉमन सर्विस सेंटर, बैठक कक्ष, प्रधान व सचिव कार्यालय सहित तकनीकी सहायक के लिए भी सुविधाएं होंगी।
उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में गुम्मा पंचायत के विकास कार्यों पर 52.95 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बल्देया से मानड़ सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत 13 करोड़ रुपये से किया जाएगा, जिसकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि स्थानीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बायोलॉजी विषय शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही सड़कों की गिफ्ट डीड प्रक्रिया में लोगों से सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।
उन्होंने पुराने पंचायत घर की मरम्मत हेतु 3 लाख रुपये की घोषणा की और बताया कि पंचायत क्षेत्र की सड़कों पर मेटलिंग कार्य अगले 15 दिनों में आरंभ कर दिया जाएगा।
मुख्य अतिथि ने देवता बथीनदलू महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मेला कमेटी की ओर से शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किए गए। स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मंत्री ने तीनों विद्यालयों के बच्चों को प्रत्येक को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।
मेला कमेटी अध्यक्ष मदन ने बताया कि गुम्मा मेला पिछले सौ वर्षों से अधिक समय से आयोजित किया जा रहा है और यह क्षेत्र की लोक संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अंकित कोटिया, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल, बीडीसी चेयरमैन चंद्रकांता, प्रकाश कमल, अनु, ऋषि राठौर, ओम प्रकाश, हरीश वर्मा, सीताराम, ज्ञान ठाकुर, सेवक राम, बलवंत, सनी चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

