घोघड़ चम्बा, 9 नवम्बर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर की होनहार छात्रा एंजेल ने अपनी कला प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाल ही में राज्य स्तरीय कला उत्सव चम्बा में आयोजित 2डी चित्रकला प्रतियोगिता में एंजेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए स्थान प्राप्त किया है।
चम्बा से भरमौर लौटने पर विद्यालय की प्रधानाचार्य अरुणा सहित सभी अध्यापकों ने फूलों के हार पहनाकर छात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को स्कूल के लिए गर्व का क्षण बताया।
एंजेल की मां पूनम रानी, जो स्वयं इसी विद्यालय में अध्यापिका हैं, ने बताया कि बेटी को बचपन से ही चित्रकला और ड्राइंग में गहरी रुचि रही है। उन्होंने कहा कि एंजेल अपना खाली समय मोबाइल या अन्य साधनों से दूर रहकर पेंटिंग बनाने में लगाती है, जिससे उसकी रचनात्मकता और निखरती है।
विद्यालय के अध्यापक कृष्ण पखरेटिया ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ एंजेल लोक संस्कृति, पारंपरिक परिधान और चौरासी मंदिर परिसर की स्वच्छता जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में एंजेल निश्चित रूप से अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी।
विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और सहपाठियों ने एंजेल की इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

