घोगड़, ऊना, 18 सितंबर : नगर निगम ऊना ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना-लोक कल्याण मेले और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंगीकार अभियान के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स, विशेषकर फूड वेंडिंग से जुड़े रेहड़ी-फड़ी चालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में फूड इंस्पेक्टर साक्षी शर्मा ने खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों और फूड लाइसेंस की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर फूड वेंडिंग करने के लिए फूड लाइसेंस लेना अनिवार्य है, अन्यथा नियमों का उल्लंघन मानकर जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने एफएसएसएआई द्वारा निर्धारित सुरक्षित भोजन के 12 स्वर्णिम नियम अपनाने की अपील भी की, जिनमें साफ-सफाई बनाए रखना, स्वच्छ पानी का प्रयोग करना, भोजन को ढककर रखना, ताज़ा सामग्री का उपयोग, हाथों की सफाई, बीमार होने पर खाना न बनाना और भोजन को सही तापमान पर स्टोर करना जैसे बिंदु शामिल हैं।
साक्षी शर्मा ने रेहड़ी-फड़ी चालकों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने और कचरा नगर निगम सफाई कर्मचारियों को सौंपने की सलाह दी। उन्होंने सभी विक्रेताओं से आग्रह किया कि वे अनिवार्य रूप से अपना फूड लाइसेंस बनवाएं और नियमों का पालन कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाएं।
इस मौके पर सामाजिक विकास विशेषज्ञ मनोज शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंगीकार अभियान के तहत पीएम सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर, राज्य व बिजली विभाग का चयन कर तथा पंजीकृत विक्रेता चुनकर अपने घर पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवा सकते हैं। इस योजना में 3 किलोवाट के सिस्टम पर करीब ₹85,800 तक की सब्सिडी मिलती है। वहीं, 1 किलोवाट सिस्टम पर लगभग ₹30,000 और 2 किलोवाट पर लगभग ₹60,000 की सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर का बिजली बिल शून्य करें।
कार्यक्रम में शहरी मिशन प्रबंधक सुशील गुप्ता, सामाजिक विकास विशेषज्ञ मनोज शर्मा, सामुदायिक प्रबंधक अभिषेक पठानिया व बबली, अर्बन प्लानर अंजू सोनी सहित स्थानीय छोटे व्यापारी, फूड व्यवसाय से जुड़े स्ट्रीट वेंडर्स, लघु उद्यमी और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी शामिल हुए।

