घोघड़, चम्बा 16 फरवरी : आज सायं पठानकोट से भरमौर जा रही बस के चालक-परिचालक दल ने पुलिस थाना भरमौर के पास रोककर पुलिस को बस में एक व्यक्ति के अचेत होने की सूचना दी। चालक-परिचालक दल ने पुलिस को बताया कि उक्त व्यक्ति भरमौर जाने के लिए राख नामक स्थान पर बस में चढ़ा था। खड़ामुख के पास उक्त व्यक्ति की तबीयत खराब होने लगी ।
चालक ने इसे जल्द भरमौर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान यह व्यक्ति अचेतावस्था में चला गया। भरमौर-खड़ामुख के बीच ददवां नामक स्थान पर स्थित पुलिस थाना के बाहर चालक ने बस रोक कर पुलिस को घटना से अवगत करवाया।
पुलिस ने उक्त व्यक्ति को एम्बुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मदन लाल आयु करीब 55 वर्ष, निवासी लोअर बाड़ी गांव नजदीक पुराना डाकघर भरमौर, जिला चम्बा के रूप में हुई है। मदन लाल कुकर व गैस चूल्हे मरम्मत का कार्य करता था। खंड चिकित्सा अधिकारी दीपेश बराल ने उक्त व्यक्ति की मृत्यु की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सायं करीब छः बजे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।

