Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा 10 नवम्बर : भरमौर उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूलन और उलांसा में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविरों का सोमवार को सफल समापन हुआ। दोनों विद्यालयों में स्वयंसेवकों ने सात दिनों तक सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता और जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूलन में आयोजित समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश भोगल मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी सोनू राम (प्रवक्ता इतिहास) ने सात दिवसीय शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस विशेष शिविर में कुल 21 स्वयंसेवियों ने भाग लिया, जिनमें छात्र एवं छात्राएं शामिल रहे।
स्वयंसेवियों ने शिविर अवधि में गांव के रास्तों और पनिहारों की सफाई, नशा उन्मूलन अभियान तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। प्रत्येक दिन विभिन्न विभागों के अधिकारी स्वयंसेवियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते रहे।
मुख्य अतिथि राजेश भोगल ने स्वयंसेवियों की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में समाज सेवा की भावना विकसित करते हैं और उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को जीवन में आत्मसात करें।

वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उलांसा में आयोजित समापन समारोह में विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य  विक्रम चंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी (प्रवक्ता हिंदी) संजय शर्मा और स्वयंसेवकों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर और बावड़ी की सफाई की तथा सात दिनों में की गई गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाते हैं।

समापन समारोह में दोनों विद्यालयों के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों ने एनएसएस इकाइयों को सफल शिविर आयोजन के लिए बधाई दी।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page