Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 22 सितम्बर :  नवम्बर 2025 में जिले के युवाओं के लिए वाटर स्पोर्ट्स बेसिक कोर्स तथा बेसिक रिवर राफ्टिंग कोर्स आयोजित किए जाएंगे। हर प्रशिक्षण शिविर में 30-30 प्रतिभागियों का चयन होगा।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि चम्बा प्रशासन, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सहयोग से युवाओं के लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रशिक्षण का विशेष अवसर लेकर आ रहा है। कार्यक्रम के तहत 14 दिवसीय वाटर स्पोर्ट्स बेसिक कोर्स का आयोजन कांगड़ा जिले के पोंग डैम स्थित वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में होगा, जबकि 14 दिवसीय रिवर राफ्टिंग बेसिक कोर्स कुल्लू के पिरडी स्थित राफ्टिंग सेंटर में संपन्न होगा।

पात्रता शर्तें

  • अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

  • न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास (अनुभवी युवाओं के लिए 8वीं पास भी मान्य)।

  • उम्मीदवार चम्बा जिले का स्थायी निवासी एवं हिमाचली होना आवश्यक।

  • अच्छा आचरण और स्वास्थ्य उत्तम होना चाहिए।

  • पर्यटन गतिविधियों से जुड़े हुए लेकिन औपचारिक प्रशिक्षण न पाने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र भरकर 5 अक्तूबर 2025 तक जिला पर्यटन विकास कार्यालय, बचत भवन, चम्बा में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं या वेबसाइट hpchamba.nic.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को एक हज़ार रुपये का शुल्क बैंक ड्राफ्ट/पोस्टल ऑर्डर के माध्यम से जमा करना होगा। आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट फोटो, शैक्षणिक व आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/राशन कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाणपत्र तथा यदि लागू हो तो अनुभव और आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य है।

यह प्रशिक्षण न केवल युवाओं को रोजगार और पर्यटन क्षेत्र में अवसर प्रदान करेगा, बल्कि यह जीवन रक्षा कौशल भी सिखाएगा। जल क्रीड़ाओं और रिवर राफ्टिंग में निपुण व्यक्ति पानी में फंसे हुए लोगों की मदद कर सकता है। दुर्घटना या विपरीत परिस्थितियों में प्रशिक्षित युवा अपने साथियों के साथ-साथ अजनबियों की जान भी बचा सकते हैं। इस प्रकार यह प्रशिक्षण चम्बा के युवाओं को एडवेंचर, रोजगार और मानव सेवा—तीनों का संगम प्रदान करेगा।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक युवा जिला पर्यटन विकास कार्यालय, बचत भवन, चम्बा से संपर्क कर सकते हैं।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page