Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 6 नवम्बर : स्वास्थ्य खंड चूड़ी में आशा वर्कर्स के 10 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। यह जानकारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रतीक चंद्रा ने दी। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवम्बर निर्धारित की गई है। इच्छुक महिलाएं अपने आवेदन शाम 5 बजे तक खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, चूड़ी में जमा करवा सकती हैं।

डॉ. चंद्रा ने बताया कि आशा वर्कर्स के रिक्त पद ग्राम पंचायत धिमला (धरेडी), ब्रेही (सदून), बलौथ (कलौंस), गान (संकरैना), फागड़ी (बंगोटू), चड़ी (सुंधेल), अथलूंई (सलोली), लुड्डू (कठेना), संराहन (घटरेड) और खुंदेल (आल्मी) वार्डों में भरे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदक संबंधित पंचायत और वार्ड की स्थायी निवासी महिला होनी चाहिए तथा उसकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास हो। शादीशुदा, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्मीदवार की आयु सीमा 25 से 45 वर्ष रखी गई है और स्थानीय भाषा का ज्ञान आवश्यक है।

आवेदन साधे कागज पर किया जा सकता है, जिसके साथ राशन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र (8वीं व 10वीं), चरित्र प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। आवेदन जमा करने के बाद दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया भी की जाएगी।

डॉ. चंद्रा ने बताया कि आशा वर्कर्स ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच सेतु का कार्य करती हैं, इसलिए इन पदों पर स्थानीय महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page