Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 10 नवम्बर : भरमौर में 12 से 14 नवम्बर तक आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस खेलकूद मेले के लिए स्कूलों में बच्चों से प्रस्तुतियों की तैयारियां करवाई जा रही हैं। इसके अलावा कुछ महिला मंडल,युवक मंडल व स्वयं सहायता समूह भी इस कार्यक्रम में प्रस्तुतियां देने के लिए तैयारियां कर रहे हैं।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर कुलवीर सिंह राणा ने जानकारी दी कि खेलकूद मेले में कब्बड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन (सिंगल व डबल), रस्सा कस्सी और छाकड़ी (कौड़ी) जैसी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इनमें कब्बड्डी टीम के लिए 1400 रुपये, वॉलीबॉल टीम के लिए 1200 रुपये, जबकि बैडमिंटन सिंगल व डबल में 200 रुपये प्रति खिलाड़ी प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।

हालांकि, रस्सा कसी और छाकड़ी के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को 500 से 5100 रुपये तक की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।

खेलकूद मेले  में खेल प्रविष्टि शुल्क को लेकर खेलप्रेमियों में असंतोष के स्वर उठने लगे हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक नृत्यों और अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है, वहीं खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से प्रवेश शुल्क वसूला जा रहा है।

स्थानीय युवाओं का कहना है कि जनजातीय गौरव दिवस जैसे सरकारी आयोजन का उद्देश्य प्रतिभा को प्रोत्साहित करना होना चाहिए, न कि प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए आर्थिक बोझ डालना। जब अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा, तो खिलाड़ियों से शुल्क लेना अनुचित है। उनका तर्क है कि खेल भी सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय गौरव का ही हिस्सा हैं, और सरकार को खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना चाहिए, न कि शुल्क लेकर हतोत्साहित करना चाहिए।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 11 नवम्बर शाम 5 बजे तक डीपीई गोवर्धन चौहान के पास नाम दर्ज करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 8219618861 और 9805798233 पर संपर्क किया जा सकता है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page