Ghoghad.com

घोघड़, शिमला, 08 मार्च 2026 : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शिमला के गेयटी थियेटर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि महिलाओं में हर क्षेत्र में इतिहास रचने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि समय के साथ समाज में बड़ा परिवर्तन आया है। एक समय ऐसा भी था जब महिलाओं की क्षमताओं को सीमित समझा जाता था, लेकिन आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और दुनिया के विकास में बेटियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जिला लाहौल-स्पीति में प्रशासनिक स्तर पर महिलाएं प्रभावी ढंग से सेवाएं दे रही हैं और उनके कार्यों की व्यापक सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। हाल ही में प्रशिक्षण के लिए आए न्यायाधीशों के एक बैच में 18 में से 17 न्यायाधीश बेटियां होना समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

उपायुक्त ने कहा कि समाज परिवर्तन के दौर से आगे निकल चुका है। अब सैनिक स्कूलों में भी लड़कियां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और करियर को लेकर सदैव सजग रहें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की इच्छाशक्ति अत्यंत मजबूत होती है और तकनीक के इस युग में उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी संभव है जब महिलाएं एक-दूसरे का सहयोग करें, क्योंकि बेहतर समाज के निर्माण में नारी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि आज वह आकाश की ऊंचाइयों को भी छू रही है। चाहे वह कल्पना चावला जैसा साहस हो, मैरी कॉम जैसा जज्बा या फिर एक माँ का निस्वार्थ प्रेम—हर रूप में महिला शक्ति समाज को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं डॉक्टर, इंजीनियर, पायलट और देश की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

फाइन आर्ट्स कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. कामायनी बिष्ट ने कहा कि आज महिलाएं अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर हर क्षेत्र में पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के पालन-पोषण में लड़का और लड़की के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। महिलाओं को समानता के साथ-साथ सम्मान और निर्णय लेने की स्वतंत्रता भी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब एक महिला शिक्षित और सशक्त होती है तो पूरा परिवार, समाज और राष्ट्र प्रगति करता है।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया। इस अवसर पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा, बाल कल्याण समिति की सदस्य किरण ओक्टा, सदस्य उषा राठौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

इन प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कक्षा दसवीं में राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर की नाव्या, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचोली की इशिता, राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटखाई की निकिता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संधोया तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुमारसैन की कविता को सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार जमा दो कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की शिवांगी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटखाई की त्रिशा, पीएम श्री राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर की वैशाली, राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर की पायल शर्मा, पीएम श्री राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरस्वती नगर की निकिता, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू की केशवी रांटा तथा राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर की पारुल ठाकुर को सम्मानित किया गया।

खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी जीवा जोगटा, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अवनी बूगबान, अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल खिलाड़ी ख्याति, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी कौशल्या वर्मा, राष्ट्रीय फेंसिंग खिलाड़ी अनीशा वर्मा, राज्य स्तरीय ताइक्वांडो गोल्ड मेडलिस्ट मानिया, राज्य स्तरीय वॉलीबॉल खिलाड़ी स्नेहा, ग्रेपलिंग की राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट अनन्या चौहान, राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी कल्पना, अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग खिलाड़ी सनिका, राज्य स्तरीय बास्केटबॉल खिलाड़ी तेजस्वी शर्मा, राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी रिद्धि शर्मा, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी शगुन और राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी आकृति को भी सम्मानित किया गया।

इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उषा, अंजना नेगी, पिंगला गुप्ता, ललिता, अनुपमा शर्मा, पुष्पा शर्मा, द्रोप्ता, सुनीता शर्मा, हेमलता वर्मा, कमला देवी, चंद्रकांता शर्मा, विनता देगी और अंजना देवी को सम्मानित किया गया। नारी सेवा सदन से सुषमा, मीरा रघुवंशी और सुरभि को भी सम्मानित किया गया।

स्वयं सहायता समूहों की श्रेणी में ब्लॉक बसंतपुर के जय मां शाली समूह को प्रथम, ब्लॉक टूटू के कृष्णा सेल्फ हेल्प ग्रुप को द्वितीय और ब्लॉक रामपुर के देवता साहिब डमरूख स्वयं सहायता समूह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। बेस्ट विलेज ऑर्गेनाइजेशन में शिव शक्ति प्रथम, शिवाय द्वितीय और जय मां भीमा काली तीसरे स्थान पर रहे।

बेस्ट क्लस्टर लेवल फेडरेशन में नई दिशा सीएलएफ प्रथम, चांशल सीएलएफ द्वितीय और सशक्त नारी सब पर भारी सीएलएफ तृतीय स्थान पर रहा। बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट के लिए एप्पल बर्फी बनाने पर आशु ठाकुर को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त बेस्ट एफएल सीआरपी (एनआरएलएम) के लिए सुनीता और बेस्ट बैंक कॉरेस्पॉन्डेंस सखी के लिए अनीता को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page