घोघड़, चम्बा 10 दिसम्बर : भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) त्रिलोचन महादेव मंडल की महत्वपूर्ण बूथ बैठक आज उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक में मंडल के बूथों से आए युवा कार्यकर्ताओं को भाजपा युवा मोर्चा में औपचारिक रूप से शामिल किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के मीडिया सह–संयोजक एवं विधानसभा भरमौर के वन बूथ–10 यूथ अभियान के प्रभारी अरविंद चौधरी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर युवा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अरविंद चौधरी ने कहा कि भाजपा का वन बूथ–10 यूथ अभियान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का सबसे प्रभावी मॉडल साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर 10 प्रशिक्षित व समर्पित युवाओं की एक मजबूत टीम तैयार की जाएगी, जो न केवल भाजपा की विचारधारा और नीतियों को जन–जन तक पहुँचाएगी, बल्कि स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा अब सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकार, डिजिटल जागरूकता, सरकारी योजनाओं का प्रचार–प्रसार और जनसंपर्क अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। युवा शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, और इसी शक्ति से हम बूथ को अभेद्य किला बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष BJYM रवि भारद्वाज ने युवाओं को संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन तथा जनहित कार्यों में भागीदारी के प्रति विस्तृत दिशा–निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि त्रिलोचन महादेव मंडल में युवा मोर्चा तेज़ी से मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजयुमो के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ समूचा संगठन खड़ा है। संगठन की हर गतिविधि की जानकारी एक दूसरे से साझा करना आवश्यक है।
भाजयुमो मंडल त्रिलोचन महादेव अध्यक्ष पंकज ठाकुर ने टीमवर्क, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा सदैव युवाओं को नेतृत्व देने में विश्वास रखती है। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा मंडल स्तर पर लगातार सक्रिय है और युवा शक्ति के साथ संगठन आगे बढ़ रहा है।
बैठक में उपस्थित युवाओं ने आगामी अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लेते हुए संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर वन बूथ 10 यूथ अभियान को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

