घोघड़, चम्बा, 26 नवम्बर : बाल विकास परियोजना मैहला के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 9 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश रॉय ने जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 3 पद मझाटा (ग्राम पंचायत सुनारा), बंजल-1 (ग्राम पंचायत कीड़ी) तथा चलोगा (ग्राम पंचायत अठलूईं) केंद्रों में भरे जाएंगे।
वहीं आंगनबाड़ी सहायिका के 6 पद सी (ग्राम पंचायत उटीप), अगाहर व ग्रोण्डी (ग्राम पंचायत बलोठ), सादून (ग्राम पंचायत ब्रेही), कुडडनी (ग्राम पंचायत मंगला) और बंदला (ग्राम पंचायत बंदला) केंद्रों में रिक्त हैं।
इन पदों के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र होंगी, जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडिंग एरिया की स्थायी निवासी हों। आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच तथा न्यूनतम योग्यता 12वीं पास होना आवश्यक है। साथ ही वार्षिक पारिवारिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसका प्रमाण राजस्व अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो।
यदि कोई आंगनबाड़ी सहायिका, कार्यकर्ता पद के लिए आवेदन करती है तो उसके लिए आय मानदंड में छूट प्रदान की जाएगी।
पदों के लिए साक्षात्कार 5 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडलाधिकारी (ना०) चंबा की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय चंबा में आयोजित किए जाएंगे।
इच्छुक और पात्र महिलाएं अपने आवेदन पत्र साधारण कागज पर आवश्यक प्रमाण पत्रों (हिमाचली प्रमाण पत्र, आयु व शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, परिवार नकल, आय प्रमाण पत्र तथा अन्य दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां) सहित 30 दिसम्बर 2025 तक कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, मैहला में जमा करा सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए आवेदिकाएं 9816688800 पर संपर्क कर सकती हैं।

