घोघड़, चम्बा , 21 मई : उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा को इस वर्ष और अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने मंगलवार को हड़सर से धन्छो तक पैदल यात्रा कर यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा, तथा लोक निर्माण, जल शक्ति, बिजली बोर्ड सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर लंगर स्थलों, विश्राम स्थलों, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालयों तथा सड़क मार्गों की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को हड़सर से दुनाली तक सड़क मुरम्मत कार्य तुरंत आरंभ करने के निर्देश दिए, साथ ही दुनाली में एक अतिरिक्त पैदल पुल के निर्माण की भी योजना बनाने को कहा। बिजली विभाग को बिजली आपूर्ति को स्थायी रूप से सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने के आदेश दिए गए।
यात्रा मार्ग की सफाई को लेकर भी उपायुक्त ने विशेष अभियान चलाया। वापसी के दौरान स्वच्छता अभियान के तहत प्लास्टिक कचरे के कुल 8 बैग एकत्रित कर हड़सर तक पहुंचाए गए। खंड विकास अधिकारी को मणिमहेश यात्रा मार्ग पर जल्द सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने प्रस्तावित शौचालय निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी रमनवीर चौहान, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल, बिजली बोर्ड के कृष्ण चंद, लोक निर्माण विभाग के भाल चंद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।