घोघड़, चम्बा, 17 मार्च : भरमौर विद्युत उपमंडल में आज दोपहर एक विद्युत कर्मी सिर पर पत्थर लगने से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी अनुसार सुनील कुमार पुत्र देश राज निवासी गांव पालधा जोकि विद्युत विभाग में कार्यरत है। आज सुबह अन्य कर्मियों के साथ प्रंघाला नाला नामक स्थान पर विद्युत लाइन मरम्मत करने के कार्य में जुटा था इस दौरान पहाड़ी से दरका एक पत्थर सुनील कुमार के सिर पर जा लगा। साथियों ने घायल विद्युत कर्मी को नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है। सुनील कुमार के सिर में टांके लगाए गए हैं।
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता नवचंद्र ने बताया कि घटना के समय सुनील कुमार तार खींचने के लिए जिस रस्से को पकड़े हुए था उसी से एक पत्थर उखड़ कर उसे जा लगा। उन्होंने बताया कि सुनील की हालत ठीक है। लाइन पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं लेकिन कई बार आपात स्थिति में जल्दी कार्य करने के प्रयास में कर्मचारी इनका उपयोग नहीं कर पाते।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के साथ कार्य करने निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भरमौर उपमंडल में बिजली लाइन मरम्मत में जुटे ठेकेदार के एक कर्मचारी की दुर्घटना से मृत्यु हो गई थी। भविष्य में ऐसी दुर्घटना न हो इसलिए सभी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए है।

