Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 13 फरवरी : तीन दिन पूर्व भरमौर के बाड़ी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 24 वर्षीय युवक की मृत्यु के बाद क्षेत्र के लोगों का असंतोष चिट्टे के विरुद्ध बढ़ रहा है। जनजातीय उपमंडल भरमौर के ग्राम बाड़ी निवासी रमेश कुमार ने अपने पुत्र रोहित कुमार की हुई संदिग्ध मृत्यु के मामले में पुलिस थाना भरमौर को लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच की मांग उठाई है।

थाना प्रभारी को दिए पत्र में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका पुत्र रोहित कुमार दिनांक 09 फरवरी 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया था। उन्होंने उल्लेख किया है कि 08 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:20 बजे उनका पुत्र अपने कमरे में सोने चला गया था जबकि अगली सुबह वह अपने चाचा के घर में मृत पाया गया।

रमेश कुमार ने शिकायत में कहा है कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें परिस्थितियां सामान्य नहीं लगीं। परिवार को सूचित किए जाने से पूर्व रोहित को अस्पताल ले जाने के लिए अन्य लोगों को बुलाया गया था जबकि परिवार 10 फुट की दूरी पर था। यदि कोई आकस्मिक दुर्घटना हुई होती तो परिजनों को तुरंत सूचित किया जाता, किंतु ऐसा नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल ले जाने से पूर्व ही युवक की मृत्यु हो चुकी थी, फिर भी घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी परिवार को नहीं दी गई।

शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि कुछ लोगों ने मृत्यु के बाद पार्थव देह को पोस्टमार्टम के लिए चम्बा न भेजे जाने के प्रयास स्वरूप उनके भतीजे पर दबाव भी बनाया गया। उन्होंने दावा किया है कि उनका पुत्र पर्वतारोही था जिसे किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या नहीं थी और वह पूर्णतः स्वस्थ था।

इन सभी परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए रमेश कुमार ने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गहन जांच करने, संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ, कॉल डिटेल, मेडिकल रिकॉर्ड सहित सभी साक्ष्यों की जांच करने तथा सत्य उजागर कर दोषियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

रमेश कुमार की शिकायत का समर्थन करते हुए बहुत से लोगों ने पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में चिट्टा/हेरोइन से जुड़े हर व्यक्ति को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएं। यह लोग मानव जाति के लिए खतरा बन गए हैं।

पुलिस थाना भरमौर में शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि हुई है। मामले की आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर तय की जाएगी।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page