घोघड़, चम्बा, 11 फरवरी : दो पूर्व भरमौर मुख्यालय में पंजाब के दो युवकों से चिट्टा बरामद होने की घटना से इस जनाजतीय क्षेत्र के लोग बहुत आहत हुए हैं व स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि चिट्टे के कलंक से यह शिव भूमि अबतक अछूती परंतु पड़ोसी राज्य के नशेड़ियों ने इसे भी दाग लगा दिया है। घटना के बाद क्षेत्र के लोग अपने-अपने विचार सोशल मीडिया व मंचों पर व्यक्त कर नशे के विरुद्ध पुलिस की कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं । इस घटना को केंद्र में रखते हुए बड़ी गांव के महिला-पुरुषों ने आज प्रभारी पुलिस थाना भरमौर को ज्ञापन सौंपकर चिट्टा, शराब, भांग के अपराधियों व जुए के अड्डों पर कार्रवाई की मांग की है।
तहसील भरमौर के ग्राम बाड़ी की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध शराब, भांग, चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों तथा जुए की बढ़ती गतिविधियों के विरोध में थाना प्रभारी भरमौर को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बाड़ी एवं आसपास के क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री और नशीले पदार्थों का कारोबार और जुआ खेलने की घटनाएं निरंतर बढ़ रहा है, जिससे सामाजिक व शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज और आईटीआई परिसर के निकट भी ऐसी गतिविधियाँ संचालित होने से छात्र-छात्राओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पूर्व बाड़ी गांव में लगभग 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। ज्ञापन में इस घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में अवैध जुए की गतिविधियों की सूचनाएँ मिल रही हैं, जिससे आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिल रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में अवैध शराब के विरोध पर इस कारोबार से जुड़े कुछ लोगों द्वारा उन्हें धमकाया भी गया, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि:
-
बाड़ी एवं भरमौर क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब, नशा व जुए के अड्डों पर छापेमारी की जाए।
-
युवक की मृत्यु प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
-
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
-
महिलाओं को दी गई कथित धमकियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
गोपाल, दीपक, श्याम, अनूप, रविन्दर, केशव, अनिल, अरविंद, सतीश, रोहित सहित बाड़ी गांव की दर्जनों महिलाओं ने कहा कि यह केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और सामाजिक संरचना से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त होने की पुष्टि की गई है तथा मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है।

